पट्टा में हमीरपुर से दिल्ली वोल्वों बस को हरी झंड़ी देकर रवाना करते विधायक सुरेश व अन्य कांग्रेस
- फोटो : ramban news
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की कक्कड़ पंचायत की लींडी खड्ड पर गुजरेड़ा गांव के पास बने एक करोड़ 66 लाख रुपये के बैली ब्रिज का उद्घाटन बुधवार को भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने किया। ग्रामीणों को वर्षों बाद नए पुल की सौगात मिली है।
यहां पर जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को बरसात के मौसम में आने-जाने के लिए कोई दिक्कत नहीं होगी। गुजरेड़ा गांव के लोगों को जान जोखिम में डालकर लींडी खड्ड को पार करना पड़ता था। वहीं, बरसात के दिनों में खासकर विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्हें वाया भरेड़ी होकर कक्कड़ और भुक्कड़ पहुंचना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि करीब छह किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता था। अब यह दूरी मात्र एक किलोमीटर रह जाएगी। अपर कक्कड़ गांव में पानी की समस्या को दूर करने के लिए 50 हजार लीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक बनाने की घोषणा की। पंचायत की अन्य मांगों को भी प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान विनोद कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को विधायक सुरेश कुमार के समक्ष रखा। कार्यक्रम में भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, एससी विभाग के अध्यक्ष दीप चंद, डॉ. रमेश डोगरा और पंचायत प्रधान विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।