बड़सर (हमीरपुर)। सब्जी विक्रेताओं द्वारा मनमाने दाम वसूले जाने से आम जनता बेहद परेशान है। सब्जियों के न तो दाम तय हैं और न ही बाजार में दुकानों के बाहर रेटलिस्ट नजर आ रही है, जिस कारण ग्राहकों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
हालात यह हैं कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टमाटर, आलू, प्याज, फूलगोभी, पत्तागोभी, शिमला मिर्च, भिंडी, करेला, बैंगन सहित अन्य हरी सब्जियां दुकानदार मनचाहे दाम पर बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई दुकानों और ठेलों पर रेट लिस्ट तक नहीं लगाई गई है, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
एक ही सब्जी के लिए अलग-अलग दुकानदार अलग-अलग मूल्य वसूल रहे हैं। कई बार सुबह और शाम के समय दामों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को मजबूरी में अधिक पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। बड़सर पंचायत के उपप्रधान राकेश पंडित, बणी पंचायत की प्रधान शैलजा बन्याल, राजेश खन्ना, कमलेश कुमारी, राकेश कुमार, ब्रह्मदास आदि ने बताया कि सब्जी विक्रेताओं की इस मनमानी का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से बाजार में कोई नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण कुछ दुकानदार खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। पहले सब्जी मंडी और पंचायत स्तर पर दरों को लेकर एक व्यवस्था बनी हुई थी, लेकिन अब स्थिति बेकाबू होती जा रही है।
लोगों ने प्रशासन और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से मांग की है कि सब्जियों की अधिकतम दरें तय की जाएं, हर दुकानदार को स्पष्ट रूप से रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे मजबूरन प्रशासन के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाएंगे।
बॉक्स :
सब्जी का नाम थोक भाव परचून भाव
प्याज 24 30
आलू 10 20
गोभी 20 30
शिमला मिर्च 50-65 120
टमाटर 50 80
मटर 50 80
गाजर 18 30
कोट :
समय-समय पर दुकानदारों को सब्जियों के दाम की सूची लगाने की हिदायत दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दोबारा से टीम को बाजार में भेजेगा और जिन भी सब्जी विक्रेताओं की दुकानों पर रेटलिस्ट नहीं हुई, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जाएगा।
-स्वाति डोगरा, एसडीएम बड़सर