उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजते विधायक राजेंद्र राणा व समर्थक।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। महंगी सब्जियों और प्याज की मालाएं गले में पहन प्रदर्शन के दौरान सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने अब प्रदेश की बदहाल सड़कों को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विधायक राजेंद्र राणा ने दर्जनों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ जिलाधीश हमीरपुर के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को ज्ञापन प्रेषित किया। राणा ने सरकार को चेताया है कि अगर 10 दिन के भीतर प्रदेश की सड़कों की हालत नहीं सुधारी तो फिर सोई हुई सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। राज्यपाल से बदहाल सड़कों के मसले में हस्तक्षेप करने और केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखने का आग्रह किया। ज्ञापन में बताया कि सड़कों की हालत वाहन चलाने योग्य नहीं है। चाहे राष्ट्रीय उच्चमार्ग हों या फिर राज्य उच्चमार्ग से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें, जगह-जगह टारिंग उखड़ी हुई है और बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं।
इन डरावनी सड़कों से रोजाना कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं तथा दर्जनों लोग चोटिल हो रहे हैं। जनप्रतिनिधि चाहे पक्ष में हों या विपक्ष में हों लेकिन, उनका दायित्व हमेशा जिम्मेवारियों से भागने की बजाय समस्याओं को उजागर करना है। नई सड़कें बनें या न बनें, लेकिन पुरानी बदहाल सड़कों की मरम्मत समयबद्ध होनी चाहिए। यहां की सड़कें टूटी-फूटी हालत में होने के कारण श्रद्धालु भी हर साल घटने लगे हैं। सरकार ने विधानसभा सत्र में इसका खुलासा किया है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि इस मामले में स्वयं हस्तक्षेप करें तथा प्रदेश सरकार को इस ज्वलंत मुद्दे पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दें।