हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के एक गांव से लापता युवती को बड़सर पुलिस ने ढूंढ निकाला है। यह 19 वर्षीय युवती लुधियाना में पुलिस को मिली है। युवती के परिजनों ने इस बारे में 19 जून को बड़सर पुलिस थाना में शिकायत दी थी। जिसके बाद पुलिस ने युवती के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण उसे ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि वह गुरदासपुर के एक होटल में ठहरी हुई है। गुरदासपुर के एक होटल में युवती ने चार दिन बिताए। जब पुलिस गुरदासपुर पहुंची तो युवती गुरदासपुर के जिस होटल में ठहरी हुई थी, उसे छोड़ लुधियाना पहुंच गई। लेकिन, बड़सर पुलिस ने उसे लुधियाना से रेस्क्यू कर लिया। बड़सर पुलिस युवती को अपने साथ हमीरपुर ले आई है।
यहां युवती से काफी देर तक पूछताछ के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। युवती ने बताया कि वह एक पंजाब गायक गुरु रंधावा के बहुत बड़ी फैन है। वह उनसे मिलने के लिए पंजाब गई थी, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। उधर, डीएसपी बड़सर शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि घर से लापता युवती को पुलिस ने लुधियाना में ढूंढ निकाला है। युवती के बयान लेने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है।