बैरी गांव में जलकर राख हुई गेहूं की फसल।
- फोटो : Hamirpur-HP
सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की पाहलू पंचायत के बैरी गांव में शरारती तत्वों ने 10 परिवारों की हजारों रुपये की गेहूं की फसल को आग लगाकर राख कर दिया। रविवार दोपहर करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने खेतों में काटकर रखे गेहूं से आग की लपटें निकलती देखीं तो शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्रित किया। जब तक लोग आग पर काबू पाते, सारी फसल जलकर राख हो चुकी थी। गेहूं के करीब 100 गट्ठे जल गए हैं।
फसल के मालिक सुखराम, किशोर चंद, नरेंद्र, स्वरूप चंद, दीवान चंद, कश्मीर सिंह, कंशराज, प्रेम चंद, पुरुषोत्तम चंद, कर्म चंद ने बताया कि इतनी मेहनत के बाद उन्होंने फसल काटकर रखी थी, लेकिन आग से सब राख हो गया। इससे उन्हें हजारों का नुकसान हो गया है। हलका पटवारी पूजा देवी ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। पाहलू पंचायत के प्रधान केसर सिंह ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं, आग लगाने वाले शरारती तत्वों पर भी कार्रवाई की मांग की है।