भोरंज (हमीरपुर)। मिनी सचिवालय भोरंज के धरातल पर बनी पार्किंग लावारिस पशुओं का अड्डा बनी हुई है। यहां पर काफी संख्या में पशु बैठे रहते हैं। पशुओं के गोबर से लोग भी परेशान हैं। लोगों ने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग रखी है। मिनी सचिवालय में तहसील, लोक निर्माण विभाग सहित कई विभागों के कार्यालय हैं। रोजाना यहां पर लोगों की भीड़ रहती है। इसके अलावा स्टाफ के लोग भी धरातल मंजिल पर वाहनों की पार्किंग करते हैं। यहां पर वाहन पार्किंग में भी दिक्कत आ रही है। वहीं दूसरी ओर यहां पर विभिन्न काम करवाने वाले लोगों को भी दुर्गंध से दिक्कतें पेश आ रही हैं।
इसके अलावा मिनी सचिवालय के साथ में पुस्तकालय भी है, जहां पर विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। लोगों ने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग रखी है। उन्होंने कहा कि लावारिस पशुओं के लिए गोसदन बनाए जाएं। उधर एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा ने कहा कि मामला ध्यान में आया है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यहां पर लोगों को परेशानी व दिक्कतें नहीं आएं।