हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में खाली भूमि में अब मिनी पार्कों का निर्माण होगा। पार्कों के निर्माण कार्य के लिए नगर परिषद ने 50 लाख रुपये का प्रपोजल तैयार किया गया है।
मिनी पार्कों में बुजुर्गों और राहगीरों को बैठने के लिए बैंच और बच्चों को खेलने के लिए झूले लगाने का कार्य करवाया जाएगा, ताकि बाजार के साथ वार्डों में सैर करने वाले बुजुर्गों को बैठने के लिए उचित स्थान और सुविधा मिल सके। मिनी पार्कों में स्ट्रीट लाइटों के साथ जगह के अनुसार सजावटी पौधों को भी रोपित किया जाएगा, जिससे मिनी पार्क देखने में अधिक आकर्षक लगेंगे। वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य चले हुए हैं।
विकास कार्यों के साथ अब नगर परिषद की ओर से खाली पड़ी भूमि का प्रयोग करके उसके ऊपर पार्कों का निर्माण कार्य करवाने का निर्णय लिया है, ताकि शहरवासियों के साथ वार्डों के लोगों को भी सुविधा मिल सके। मिनी पार्कों का निर्माण करने के लिए नगर परिषद ने शहरी विकास विभाग को 50 लाख रुपये का प्रपोजल स्वीकृति के लिए भेजा है। प्रपोजल को स्वीकृति मिलने के बाद बजट राशि जारी होगी। इसके उपरांत नगर परिषद की ओर से जगह की सुविधा को देखते हुए 11 वार्डों में मिनी पार्कों को बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य में जगह की उपलब्धता के आधार पर ही उपकरणों को लगाया जाएगा।
कोट
बजट स्वीकृत होते ही शुरू होगा काम : मिन्हास
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि 11 वार्डों में मिनी पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रपोजल भेजी गई है। बजट स्वीकृत होते ही वार्डों में मिनी पार्कों को बनाने का कार्य शुरू होगा। इससे वार्डों के लोगों को बेहतरीन सुविधा मिलेगी।