रंगस (हमीरपुर)। मानसिक रूप से परेशान 50 वर्षीय एक व्यक्ति को कोर्ट के आदेशों के तहत पुनर्वास केंद्र शिमला भेजा जाएगा। आठ अगस्त को एक व्यक्ति नादौन कोर्ट परिसर में घूम रहा था। सूचना मिलते ही नादौन पुलिस की टीम उस आदमी को पुलिस थाना ले आई। पूछताछ करने का पता चला कि व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान है।
व्यक्ति का दायां बाजू गहरे घाव के कारण अधिकतर गल चुका था। पुलिस टीम ने पहले उसे नहलाया। नादौन पुलिस ने पहले इसका इलाज नागरिक अस्पताल नादौन में करवाया। उसके बाद डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में इलाज करवाया। इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नादौन की अदालत में पेश किया। कोर्ट ने व्यक्ति को पुनर्वास केंद्र शिमला में भेजने के आदेश दिए हैं। ये आदेश मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम के तहत प्राप्त हुए। थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह ने बताया कि व्यक्ति को मंगलवार को पुनर्वास केंद्र शिमला में पुलिस की निगरानी में छोड़ दिया जाएगा।