हमीरपुर। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला पनियाली की स्कूल प्रबंधन समिति ने वीरवार को प्रारंभिक उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर पहुंच कर स्कूल में रिक्त टल रहे शिक्षक के पद को भरने के लिए ज्ञापन सौंपा। स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष शकुंतला देवी, सदस्य ममता देवी, शिवानी, जोगिंद्र सिंह, मोनिका देवी, राजिंद्र पाल सिंह, कल्पना देवी, रज्जू कुमारी, पिंको देवी, कलावती, सुरेंद्र सिंह आदि ने कहा कि स्कूल में 25 विद्यार्थी दाखिल हैं। इन विद्यार्थियों में कुछेक विद्यार्थी मूक बधिर और दृष्टिहीन हैं।
स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए कार्यरत जेबीटी शिक्षक का तबादला एक सप्ताह पूर्व राजकीय प्राथमिक पाठशाला कड़धोह में हो गया है। जेबीटी शिक्षक का तबादला होने से स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ने में काफी परेशानी हो रही हैं। स्कूल में कार्यरत पूर्व जेबीटी शिक्षक अब्दुल हमीद दिव्यांग विद्यार्थियों को पढ़ाने में सक्षम है और वह विद्यार्थियों की भाषा भी समझते हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा विभाग से शिक्षक को पुन: राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला पनियाली में नियुक्त करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस बारे में प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि स्कूल में जाकर निरीक्षण किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार स्कूल में शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
(समाचार: बवीता चंदेल)