बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत सीरिंज और फायल पेपर के साथ पकड़े चार व्यक्तियों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चारों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
मेडिकल रिपोर्ट में मादक पदार्थ का सेवन पाया गया है। बता दें कि दो जुलाई को गुग्गा मंदिर लहड़ा के समीप चार व्यक्तियों 33 वर्षीय ललित कुमार गावं लहड़ा, 34 वर्षीय हैप्पी शर्मा गांव लहड़ा, 34 वर्षीय पंकज कुमार गांव बलोह और तिलक राज गांव व डाकघर कश्मीर सड़क किनारे एक पिकअप गाड़ी के पास खड़े हुए थे। इस दौरान पुलिस की टीम को देखकर वे घबरा गए। पुलिस को तलाशी के दौरान सीरिंज और फाॅयल पेपर मिला था।
इसी आधार पर चारों ललित कुमार, तिलक राज, पंकज कुमार और हैप्पी शर्मा के खून सैंपल जांच के लिए आरएफएसएल को भेजे गए। प्रारंभिक तथ्यों, परीक्षण परिणामों एवं एंमएलसी पर अंकित अंतिम राय और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चारों द्वारा मादक पदार्थ का सेवन करना पाया गया है। इसके आधार पर थाना बड़सर में अभियोग पंजीकृत करके अभियोग में आगामी छानबीन जारी है। मामले की पुष्टि डीएसपी लालमन शर्मा ने की है।