15 नवंबर तक कॉलेज शिफ्ट करने की मुख्यमंत्री ने कही थी बात
सीएम के दावे के बावजूद अभी तक अधर में लटके हैं कई कार्य
प्रथम चरण का अकदामिक ब्लाॅक और अस्पताल बनकर तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी।
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को नए कैंपस में शिफ्ट होने में अभी दो से तीन माह का वक्त और लग सकता है। ऐसे में कॉलेज शिफ्ट किए जाने का कार्य साल 2025 में पूरा हो पाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर के पिछले दौरे के दौरान कॉलेज को 15 नवंबर तक जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट करने की बात कही थी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और संबंधित विभागों को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। अब मेडिकल कॉलेज में पानी और बिजली की सुविधा सुचारू कर दी गई है, लेकिन अभी तक फर्नीचर की खरीद का कार्य सिरे नहीं चढ़ सका है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को नए कैंपस में शिफ्ट करने में अभी वक्त लग सकता है।
फिलहाल मेडिकल कॉलेज जिला मुख्यालय स्थित जोनल अस्पताल हमीरपुर में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में अकदामिक ब्लाॅक और अस्पताल भवन का निर्माण जोलसप्पड़ में पूरा कर लिया गया है। यहां पर सफेदी करने और फर्नीचर लगाने का कार्य शेष बचा है। सफेदी का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया और शेष बचे कार्य को दिसंबर तक पूरा किए जाने की उम्मीद है, लेकिन फर्नीचर की खरीद के लिए अभी तक योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। वहीं, हास्पिटल सर्विस कंसल्टेंसी कॉरपोरेशन (एचएससीसी) को फर्नीचर लगाने का जिम्मा दिया गया है। एचएससीसी की ओर से फर्नीचर लगाने के लिए टेंडर आवंटित किया जाएगा। अभी तक टेंडर आवंटित नहीं हुआ है, ऐसे में नए कैंपस में मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करने में दो से तीन माह लग सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो साल 2025 में ही मेडिकल कॉलेज शिफ्ट हो पाएगा। निर्धारित समय अवधि में मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा नहीं हो सका है, जिस कारण इसे शिफ्ट करने में लगातार देरी हो रही है।
कुछ विभाग शिफ्ट न किए जाने की चर्चा
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के कुछेक विभाग को जोनल अस्पताल से नए कैंपस में शिफ्ट नहीं किए जाने की योजना है। प्रथम चरण में कुछ विभागों को ही मेडिकल कॉलेज के जोलसप्पड़ कैंपस में शिफ्ट किए जाने की योजना प्रबंधन ने तय की है, जिससे जोनल अस्पताल की दौड़ खत्म नहीं होगी। प्रारंभिक चरण में कुछ विभाग जोलसप्पड़ कैंपस में तो कुछ जोनल अस्पताल में संचालित किए जाएंगे।
कोट
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि पानी और बिजली की सप्लाई सुचारू हो गई है। फर्नीचर खरीद का कार्य एचएससीसी की ओर से किया जाएगा। इसके लिए एचएससीसी ही टेंडर आवंटित करेगी।