हमीरपुर। डॉ. राधा कृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के भवन के धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य पर मुख्यमंत्री कार्यालय नाराज है। बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हमीरपुर में मेडिकल भवन निर्माण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 16 जून, 2018 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विधानसभा क्षेत्र नादौन के अंतर्गत आते जोलसप्पड़ में बनने वाले मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी थी। भवन निर्माण के लिए सरकार ने 323 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। 16 एकड़ भूमि पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज भवन का कार्य प्रदेश सरकार ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को सौंपा है। सीपीडब्लयूडी ने टेंडर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 17 सितंबर 2020 को निर्माण कार्य शुरू करवाया। टेंडर शर्तों के अनुसार 14 सितंबर 2022 को इस मेडिकल कॉलेज भवन के प्रशासनिक और शैक्षणिक खंड का निर्माण कार्य पूरा होना है।
सरकार भी चाह रही है कि इस मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण इसी कार्यकाल में हो जाए। विपक्षी दल कांग्रेस इस मेडिकल कॉलेज को शुरू से यूपीए सरकार की उपलब्धि बताती रही है। अभी तक करीब 36 फीसदी निर्माण कार्य ही पूरा हो पाया है। जिस गति से यह निर्माण कार्य चल रहा है, उसे देख यह कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूरा होना मुश्किल लग रहा है। निर्माण कार्य में देरी की एक मुख्य वजह कोविड-19 बताया जा रहा है।
केंद्रीय लोनिवि के एक्सईएन गगनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन का कार्य तेजी से चल रहा है। कोरोना काल के समय कुछ समस्याएं आई थीं।
आरकेएस की बैठक में भी उठा मुद्दा
हमीरपुर। 15 सितंबर 2021 को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सहजल की अध्यक्षता में हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक हुई थी। इस बैठक में आरकेएस के सदस्यों जोकि भाजपा सरकार की तरफ से मनोनीत हैं, ने मेडिकल प्रशासन के बारे में मंत्री से तीखे सवाल पूछे थे।
सदस्यों ने कहा था कि मेडिकल कॉलेज के अधिकारी लोगों के फोन नहीं उठाते हैं। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन चालू नहीं हो पाई। पार्किंग की बड़ी समस्या है। मेडिकल कॉलेज के बैंकों में खाते खोल रखे हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अधिकारियों को अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कहा था। साथ ही मल्टीपल बैंक अकाउंट्स को बंद कर राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोलने के बारे में कहा था। आरकेएस के सदस्य सुमित ठाकुर और अजय शर्मा ने कहा कि बैठक में उठाए मुद्दों का समाधान नहीं हो पाया है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का निर्माणाधीन कार्य।- फोटो : Hamirpur-HP