हमीरपुर। आयुष अस्पताल हमीरपुर के लिए बनाया गया भवन अभी तक आयुष अस्पताल को नहीं मिल पाया है। वर्ष 2020 में कोरोना काल में यह भवन बनकर तैयार हो गया।
उस समय कोरोना होने के कारण यह भवन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को सौंपा गया, लेकिन अब इस भवन की दो मंंजिलों पर डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज ने कब्जा किया है। इस बारे में करीब पांच माह पूर्व उपायुक्त ने भी आयुष अस्पताल के नए भवन का दौरा किया गया था और आश्वासन दिया था कि जल्द ही यह भवन आयुष अस्पताल को दे दिया जाएगा, लेकिन अभी तक इस भवन में डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के ही अधीन है। एक मंजिल पर मेडिकल उपकरण तो दूसरी मंजिल पर मरीज हैं।
वहीं, तीसरी मंजिल पर आयुष अस्पताल का ही कामकाज किया जा रहा है। नगर परिषद हमीरपुर के रैन बसेरा में भी डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल की ओपीडी और आईपीडी चल रही है। इस बारे में नगर परिषद ने कई बार अस्पताल प्रबंधन को पत्राचार किया कि इस भवन को खाली किया जाए, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इसे खाली नहीं किया। आयुष अस्पताल हमीरपुर की रोजाना की ओपीडी 200 से 250 के बीच है।
वहीं, अब यहां पर पंचकर्मा, शिरोधारा और अन्य कर्म करवाने के लिए मरीज दूर-दूर से पहुंच रहे हैं, लेकिन जगह कम होने के कारण खासी दिक्कत होती है। इसी समस्या के हल के लिए आयुष अस्पताल के लिए नया भवन बनाया गया, लेकिन आज तक इस भवन का इस्तेमाल आयुष विभाग नहीं कर पाया। लोगों सुलोचना, कमलेश, भुवनेश्वर, ममता आदि ने कहा कि यहां पर अगर जगह की समस्या का हल किया जाए तो काफी सुविधा मिल सकती है। वहीं, इस बारे आयुष अस्पताल हमीरपुर के एमएस डॉ. दिलीप ठाकुर ने कहा कि भवन में डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज का कार्य चल रहा है। इस बारे में उच्च अधिकारी ही कार्रवाई कर सकते हैं।