हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सरकार के निर्देशानुसार 56 तरह के निशुल्क टेस्ट नहीं हो रहे हैं। जबकि, सरकार ने स्वास्थ्य संस्थानों में 56 तरह के विभिन्न टेस्ट निशुल्क करने की अधिसूचना जारी कर दी है। जिले में खंड स्तर के अस्पतालों में यह निशुल्क टेस्ट शुरू हो गए हैं, लेकिन जिले के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा ओपीडी व आईपीडी वाले मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में यह सुविधा मरीजों को नहीं मिल रही है। मरीजों को इन टेस्टों के सौ रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं।
मलेरिया पैरासाइट, कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी), ब्लड ग्रुप, टोटल रेड ब्लड सेल काउंट, प्लेटलेट काउंट, पैकेड सेल वैल्यूम, प्रोथ्रोमबिन टाइम टेस्ट, सेल काउंट एंड बायोकेमिस्ट्री, ब्लड शुगर, ब्लड यूरिया, सीरियम क्रिटनाइन, एसजीओटी, एसडीपीटीए सीरियम एलब्यूमिन, प्रोप्रोनिन, सीरियम एलडीएच रेडियोलॉजी के विभिन्न टेस्टों समेत कुल 56 टेस्ट निशुल्क करने की मरीजों को सुविधा दी गई है लेकिन, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लोगों को इन सभी टेस्टों के लिए रुपये खर्चने पड़ रहे हैं। सिविल अस्पताल सुजानपुर में 56 तरह के निशुल्क टेस्ट शुरू हो गए हैं।
टौणी देवी की आरकेएस बैठक में भी इन टेस्टों को निशुल्क करने की स्वीकृति मिल गई है, लेकिन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अभी लोगों को इन टेस्टों के लिए भुगतान करना पड़ रहा है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि इन टेस्टों को शुरू करने के लिए सरकार की अधिसूचना अभी प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही अधिसूचना प्राप्त होगी टेस्ट शुरू कर दिए जाएंगे।