हमीरपुर। डॉ. राधा-कृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर ने राज्य बिजली बोर्ड के 77 लाख रुपये पर कुंडली मार रखी है। अस्पताल प्रशासन ने करीब एक साल से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। बिजली बोर्ड अस्पताल प्रबंधन को बिल की अदायगी को लेकर कई बार पत्राचार कर चुका है। लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है।
वहीं जिला मुख्यालय के दो दर्जन दुकानदारों ने भी बिजली बोर्ड के करीब 23 लाख रुपये बिजली के बिल के जमा नहीं किए हैं। इसके बाद अब बिजली बोर्ड बिना किसी नोटिस के डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी में है। पूर्व में भी आधा दर्जन लोगों के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। हालांकि बिजली उपमंडल-दो हमीरपुर के उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए पांच दिसंबर तक का समय दिया गया है। बिजली उपमंडल-दो हमीरपुर के सहायक अभियंता अश्वनी पुरी ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि अगर उन्होंने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है तो वह इन्हें पांच दिसंबर तक ऑनलाइन माध्यम से या भोटा चौक स्थित कैश काउंटर पर जमा करवा दें।
उन्होंने कहा कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे।