मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में स्थापित हुई डिजिटल एक्सरे मशीन।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के रेडियोलॉजी विभाग में अब मरीजों के एक्सरे डिजिटल मशीन से होंगे। कॉलेज प्रबंधन ने 1.05 करोड़ रुपये की लागत से रेडियोलॉजी विभाग में डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित करवाई है। जल्द ही इस मशीन को वर्किंग में लाया जाएगा और मरीजों को इसकी सुविधा दी जाएगी। कॉलेज प्रबंधन की माने तो एक सप्ताह के भीतर इस मशीन से जांच शुरू हो जाएगी। इससे पूर्व यहां पोर्टेबल एक्सरे मशीन और एक अन्य पुरानी मशीन से एक्सरे किए जाते हैं।
पुरानी मशीन आए माह खराब होती रहती है। इस कारण मरीजों को यहां निरंतर एक्सरे सुविधा नहीं मिल पाती है। पुरानी मशीन के चलते कॉलेज प्रबंधन ने यहां पर पोर्टेबल मशीन की व्यवस्था की। समस्याओं को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने यह नई मशीन खरीदी है। वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की सीटी स्कैन मशीन छह माह से खराब चल रही है। हालांकि, सरकार ने बजट के दौरान मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के लिए मशीन की घोषणा की है, लेकिन अभी तक यहां न तो मशीन आई है और न ही इस संबंध में कोई कार्रवाई शुरू हुई है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि 1.05 करोड़ की लागत से डिजिटल एक्सरे मशीन स्थापित की गई है। इसे वर्किंग में लाने का कार्य जोरों पर है। एक सप्ताह के भीतर मशीन से जांच शुरू कर दी जाएगी।