हमीरपुर। आयुष्मान भारत योजना के बेहतरीन कार्यान्वयन के लिए केंद्र सरकार ने डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को सम्मानित किया है। इसके अलावा जिले के एक अन्य निजी पार्वती अस्पताल दशमल को भी यह सम्मान दिया गया है। गणतंत्र दिवस के मौके पर केंद्र सरकार की ओर से मिले प्रशस्ति पत्र को प्रदेश शिक्षा मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भेंट किया। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में आयुष्मान भारत योजना के तहत 24 घंटे कार्ड एक्टीवेट करने की सुविधा दी गई है। इस कारण अब लाभार्थियों को कार्ड का लाभ लेने या लाभ लेने के बाद इसे बंद करवाने के लिए बार-बार मेडिकल कॉलेज के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
मेडिकल कॉलेज में हर माह औसतन चार लाख रुपये आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के स्वास्थ्य पर खर्च किया जाता है। अभी तक दो सालों में मेडिकल कॉलेज में करीब 1600 लाभार्थी आयुष्मान योजना का लाभ ले चुके हैं। इनके इलाज के लिए करीब 54.76 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान योजना के बेहतरीन क्रियान्वयन के लिए अब केंद्र सरकार की ओर से भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान योजना के प्रभारी डॉ. मोहन ने कहा कि यह प्रशस्ति पत्र योजना के बेहतरीन कार्यान्वयन के लिए दिया गया है। एमएस डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के बेहतरीन कार्यान्वयन के लिए सम्मान मिलना मेडिकल कॉलेज के लिए गौरव की बात है। यहां मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है।