हमीरपुर। जिले में आठ मार्च को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के अलावा चार अन्य केंद्रों पर कोरोना की वैक्सीन लगेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने जिले के लोगों से आग्रह किया है कि कोरोना की वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही व कोताही न बरतें। किसी भी तरह की लापरवाही से जिला कोरोना की दूसरी लहर की तरफ जा सकता है। लोग सामाजिक दूरी, मास्क और हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। स्कूल व अन्य संस्थान खुल चुके हैं और वहां भी पहले की तरह कार्य हो रहा है। यहां कोविड-19 के उपाय सख्ती से लागू करने की जरूरत है। जिला हमीरपुर ने कोविड सैंपलिंग में नए आयाम स्थापित किए हैं।
इसी कारण लोग सुरक्षित भी रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि नियमित तौर पर अपना सैंपल करवाते रहें। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र स्थापित किए हैं। जहां प्रतिदिन टेस्ट किए जा रहे हैं। सभी हेल्थ केयर वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर्स से अपील की है कि जिन्होंने टीकाकरण नहीं करवाया है या जिनकी 28 दिन के बाद दूसरी डोज लगनी है, वह भी अपना टीकाकरण जरूर करवाएं।
60 वर्ष से अधिक और 45 से 59 साल के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग कोविड एप या आरोग्य सेतु एप या टीकाकरण सत्र स्थल पर भी फोटो पहचान पत्र से अपना पंजीकरण करवा सकते है। लोगों की सुविधा के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर मे कोरोना टीकाकरण प्रतिदिन किया जा रहा है। इसके साथ ही आठ मार्च को पीएचसी बगवाड़ा, भरेडी, जाहू और कुठेड़ा में भी कोविड टीकाकरण सत्र रखे गए हैं। पात्र लोग अपना टीकाकरण जरूर करवाएं।