जिला हमीरपुर के अधिकतर डिपुओं में उपभोक्ताओं को दाल चना का कोटा नहीं मिल पाया है। मई माह का कोटा उपभोक्ताओं को जून माह में ही मिलेगा। मई में दाल चना का कोटा न मिलने से उपभोक्ताओं को आधा-अधूरा राशन लेकर लौटना पड़ा है।
ऐसे में उपभोक्ताओं ने खाद्य आपूर्ति निगम और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया है। जिला के अधिकतर डिपुओं में मई माह में दाल चना की सप्लाई नहीं पहुंची। माह की शुरुआत में गोदामों में दाल चना की कमी थी। इसके चलते डिपुओं में दाल चना की आपूर्ति नहीं हुई। दूसरे सप्ताह में दाल चना की सप्लाई पहुंचना शुरू हुई, लेकिन डिपोधारकों ने दोबारा दाल चना की सप्लाई नहीं उठाई।
उपभोक्ता विजेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, दीप राज, अविनाश, राकेश कुमार, सोहन लाल आदि का कहना है कि डिपुओं में मई का दाल चना कोटा नहीं मिल पाया। डिपो होल्टर जून माह में दाल चना का इकट्ठा कोटा देने की बात कर रहे हैं।
गोदामों में दाल चना की सप्लाई काफी है। हो सकता है डिपोधारकों ने दाल चना की सप्लाई न उठाई हो। डिपुओं में राशन की उपलब्धता जांचना विभाग की जिम्मेवारी है।
- आरके सूद, क्षेत्रीय प्रबंधक, खाद्य आपूर्ति निगम
डिपुओं में दाल चना की सप्लाई नहीं पहुंचने की जांच कर संबंधित डिपोधारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- जेसी वर्मा, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक, हमीरपुर