हमीरपुर। सर्दी बढ़ने के साथ ही बाजार में ड्राईफ्रूट की मांग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सर्द के मौसम में स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाने वाले बादाम, काजू, पिस्ता, गुड़, तिल, गरी गोला और अंजीर की बिक्री में मांग बढ़ी है।
वहीं गजक, रेवड़ी और मूंगफली का बाजार भी गुलजार हो गया है। बेहतर गुणवत्ता ताजगी और पौष्टिकता को देखते हुए लोग इनके लिए थोड़ा अधिक खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे। सर्दियों में ड्राईफ्रूट की मांग 20 से 30 फीसदी बढ़ गई है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की पसंद में ड्राई फ्रूट सबसे ऊपर है।
ठंड के दिनों में ऊर्जा और गर्मी बनाए रखने में इनका महत्वपूर्ण योगदान होने के कारण लोग इसे अपने दैनिक आहार में शामिल कर रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाने पर ड्राई फ्रूट की मांग में और बढ़ोतरी होगी।
बाजार में विभिन्न किस्मों के ड्राई फ्रूट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं और व्यापारी भी बढ़ती मांग को देखते हुए नई वैरायटी और पैकिंग उपलब्ध करवा रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों को आने वाले दिनों में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
सुबह से लेकर शाम तक होती बिक्री
सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियां हों या बाजार में दुकाने हर जगह मूंगफली की सुबह से शाम तक बिक्री होती है। खासतौर पर कार्यालय और स्कूल-कॉलेज से लौटते समय लोग राह चलते मूंगफली जरूर लेते हैं। तिल और गुड़ से बनी गजक भी पसंद की जा रही है।
ड्राईफ्रूट के यह हैं दाम
हमीरपुर में बादाम 880 प्रति किलोग्राम, काजू 900-1100 प्रति किलोग्राम, पिस्ता 1200 प्रति किलोग्राम और अलसी 140 रुपये प्रतिकिलो बिक रही है। वहीं, किशमिश के दाम 600 रुपये प्रतिकिलो हैं। गजक 70 रुपये में 400 ग्राम और रेवड़ी 70 रुपये में 400 ग्राम मिल रही है। गुड़ 80 रुपये प्रतिकिलो, तिल 200 रुपये प्रतिकिलो और गरी-गोला 400 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। हालांकि विभिन्न कंपनियों के उत्पादों के मूल्य में हल्का अंतर है।
ड्राईफ्रूट की मांग सर्दियों में काफी होती है। तापमान और नीचे आने से इस मांग में काफी इजाफा होता है। उपभोक्ताओं को विभिन्न किस्मों के ड्राईफ्रूट दिए जा रहे हैं।
-विधि चंद, दुकानदार
गुड़, तिल और गरी गोला की काफी मांग है। ठंड का सीजन बढ़ने से मांग और बढ़ेगी। गिफ्ट पैक में भी ड्राईफ्रूट का चलन बढ़ा है।
-आशीष कुमार, दुकानदार
ड्राईफ्रूट सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। गजक, रेवड़ी को काफी लोग पसंद करते हैं। कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है।
-वीरेंद्र कुमार, दुकानदार
विभिन्न किस्मों के ड्राईफ्रूट ग्राहक पसंद कर रहे हैं। मूल्यों में पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक अंतर नहीं है। गजक और रेवड़ी केवल सर्दियों में ही प्रयोग होती है।
-राकेश, दुकानदार
हमीरपुर में दुकान में रखे ड्राईफ्रूट, गजक-रेवड़ी सहित अन्य खाद्य उत्पाद। संवाद
हमीरपुर में दुकान में रखे ड्राईफ्रूट, गजक-रेवड़ी सहित अन्य खाद्य उत्पाद। संवाद
हमीरपुर में दुकान में रखे ड्राईफ्रूट, गजक-रेवड़ी सहित अन्य खाद्य उत्पाद। संवाद
हमीरपुर में दुकान में रखे ड्राईफ्रूट, गजक-रेवड़ी सहित अन्य खाद्य उत्पाद। संवाद
हमीरपुर में दुकान में रखे ड्राईफ्रूट, गजक-रेवड़ी सहित अन्य खाद्य उत्पाद। संवाद