कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे ध्वजारोहण से होगी, एसडीएम होंगे मुख्यातिथि
13 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर निबंध लेखन प्रतियोगिता होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरेड़ी में भव्यता के साथ मंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक भाग लेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि में रूप में एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप शिरकत करेंगे और ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद अपने विचार साझा करेंगे।
इससे पूर्व 13 अगस्त को सुबह 11 बजे राजकीय महाविद्यालय भोरंज में ब्लॉक स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 18 से 25 उम्र तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय स्वतंत्रता के 77 वर्ष की सफलताएं रखा गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और महानायकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महाविद्यालय भोरंज की प्रवक्ता पूजा और आशा से संपर्क कर सकते है।