ताल (हमीरपुर)। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते बालू गांव में एक अधेड़ ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। जहर निगलने के कारणों का पता नहीं चल सका है। उधर, सूचना मिलते ही सदर पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
मान सिंह (51) पुत्र चिंत राम निवासी गांव बालू डॉ. भरठयाण थाना सदर ने शनिवार रात को खाना खाने के बाद किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस दौरान उसके परिवार के सदस्य खाना खा रहे थे। अचानक जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले आए। जहां पर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। टांडा में रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। वह मिस्त्री का काम करता था। जहर निगलने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मान सिंह अपने पीछे दो बेटे और पत्नी छोड़ गया है। एक बेटा आईटीआई करता है और दूसरा बेटा बद्दी की निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि सूचना मिलते ही सदर पुलिस की टीम भी टांडा गई। शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।