हमीरपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी 10 अगस्त को देश बचाने को लेकर विरोध-प्रदर्शन करेगी। इस कड़ी में हमीरपुर में भी प्रदर्शन में सीपीआईएम के साथ सीटू, किसान सभा, एसएफआई, नौजवान सभा, महिला समिति के लोग भी शामिल होंगे। जिला सचिव जोगिंद्र कुमार ने कहा कि देश में कोरोना महामारी विकराल रूप धारण करती जा रही है। ऐसे समय में मोदी सरकार देश को बेचने पर तुली है। जनता की खून पसीने की कमाई से निर्मित सरकारी संस्थानों को कुछ मुठ्ठीभर कॉरपोरेट घरानों को बेचा जा रहा है। इसके साथ नई शिक्षा नीति सार्वजनिक शिक्षा को खत्म करके निजी स्वामित्व की शिक्षा व्यवस्था करने का ही प्रारूप है।
स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली, पानी को भी निजी हाथों के सुपुर्द किया जा रहा है। देश की जनता को कंगाली की ओर धकेलकर मोदी सरकार देश को बर्बाद करने की ओर बढ़ रही है। कोरोना की आड़ में भूमि अधिग्रहण बिल को चोरी छिपे लाया जा रहा है और किसानों की भूमि को जबरन छीनने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। अब कंपनियों को खाद्य उत्पादों के दाम तय करने के अधिकार दे दिए हैं। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की निश्चित भंडारण की सीमा को भी खत्म कर दिया है। जिससे किसानों को उचित दाम नहीं मिलेगा और महंगाई बढ़ेगी। वामपंथी पार्टियां और जन संगठन देश को बचाने के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे और जनता को जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा। 10 अगस्त को देश बचाने को लेकर इसी कड़ी में हमीरपुर में भी प्रदर्शन किया जाएगा।