हमीरपुर। हमीरपुर जिले में एलपीजी गैस की किल्लत के चलते कारोबार पर असर पड़ने लगा है। एलपीजी गैस के संकट की कारोबार पर आंच पड़ना शुरू हो गई है। व्यावसायिक गैस सिलिंडर समय पर उपलब्ध न होने से ढाबा, रेस्टोरेंट, मिठाई और होटल कारोबारियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
कई स्थानों पर दुकानदारों को जरूरत के अनुसार सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उन्हें जुगाड़ कर काम चलाना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से हमीरपुर में व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित है। हालात यह हैं कि दुकानदार अगर तीन सिलिंडर की मांग कर रहे हैं, तो उन्हें केवल एक सिलिंडर ही उपलब्ध हो पा रहा है।
वहीं, सिलिंडर की आपूर्ति भी तुरंत नहीं हो रही। कई कारोबारियों को गैस के लिए दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। हमीरपुर शहर के साथ-साथ आसपास के कस्बों में भी व्यावसायिक गैस की कमी महसूस की जा रही है। शहर में ही करीब 50 से अधिक ढाबा संचालक, रेस्टोरेंट संचालक और छोटे होटल कारोबारी अपनी आजीविका गैस सिलिंडर पर निर्भर होकर चला रहे हैं।
ऐसे में गैस की आपूर्ति बाधित होने से उनका कामकाज प्रभावित होने लगा है। कारोबारियों का कहना है कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो उन्हें कामकाज बंद करने की नौबत भी आ सकती है। रेस्टोरेंट और ढाबों में चूल्हा या स्टोव का इस्तेमाल करना न केवल महंगा है, बल्कि व्यावहारिक रूप से भी कठिन है। हालांकि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति काफी हद तक जारी है और उपभोक्ताओं को देरी से ही सही, लेकिन सिलिंडर मिल रहे हैं।
सिलिंडर न मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शादी के लिए ऑर्डर लिया था, लेकिन सिलिंडर न मिलने से अन्य दुकानदारों से सिलिंडर लेने पड़े।
-यशपाल, हमीरपुर
पिछले 30 वर्षों से मिठाई का काम कर रहे हैं। अगर सिलिंडर नहीं मिलता है तो स्टाेव या भट्टी पर काम करना भी मुश्किल होगा। कारोबार पर संकट के बादल छाए हुए हैं।
-विक्की शर्मा, हमीरपुर
व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तीन के स्थान पर एक सिलिंडर मिल रहा है। सिलिंडर मिलने में भी दो से तीन दिन लग रहे हैं।
-नरेश डोगरा, हमीरपुर
कुछ दिनों से सिलिंडर मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। स्टॉक में केवल एक या दो सिलिंडर होते हैं। अगर गैस की कमी होती है तो दुकानदारों को काम करना मुश्किल हो जाएगा।
-लक्की, बड़सर
हमीरपुर बाजार में घरेलू सिलिंडर की सप्लाई देते हुए कर्मचारी। संवाद
हमीरपुर बाजार में घरेलू सिलिंडर की सप्लाई देते हुए कर्मचारी। संवाद
हमीरपुर बाजार में घरेलू सिलिंडर की सप्लाई देते हुए कर्मचारी। संवाद
हमीरपुर बाजार में घरेलू सिलिंडर की सप्लाई देते हुए कर्मचारी। संवाद