बिझड़ी(हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी की दलचेहड़ा पंचायत में बुधवार को दिनभर ताले लटके रहे, जिससे पंचायत कार्यालय में कार्य करवाने आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पंचायत में सरकार की ओर से पांच पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक और चौकीदार कार्यरत हैं। पांचों कर्मचारियों से कोई भी कर्मचारी पंचायत कार्यालय में उपलब्ध नहीं था। इसके चलते सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लटका रहा।
पंचायत कार्यालय में कार्य करवाने पहुंचे लोगों में स्वरूप चंद, शशिपाल, देशराज आदि ने कहा कि वर्तमान में विकास खंड कार्यालय बिझड़ी की ओर से पंचायतों के माध्यम से बीपीएल, प्रधानमंत्री आवास योजना, पशु सर्वेक्षण सर्वे करवाया जा रहा है। सुबह जब वह कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय में ताला लगा हुआ था। जब स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वह भी कार्यालय आए हुए थे, लेकिन कर्मचारियों ने कार्यालय पर ताला लगाया हुआ था। सरकार के नियमानुसार कर्मचारियों की अनुपस्थिति में पंचायत प्रधान और उपप्रधान का कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य है।
कोट
कर्मचारियों की कमी के चलते कुछ स्थानों पर एक सचिव के पास दो-दो स्थानों का अतिरिक्त कार्यभार है। दलचेहड़ा पंचायत के सचिव और तकनीकी सहायक तीन दिन तक समैला पंचायत और तीन दलचेहड़ा पंचायत में सेवाएं देते हैं, जबकि रोजगार सेवक व चौकीदार को फील्ड में सूचना देने के लिए लगाया गया है। कार्यालय में ताला लगाने के लिए कर्मचारियों से जवाबतलब किया जाएगा।
-राजेश कुमार, बीडीओ, खंड विकास, बिझड़ी