हमीरपुर। तीन दिन से खराब चल रहे मौसम में बुधवार को राहत मिली है। बुधवार को दिनभर धूप खिली रही। ऐसे में राहत और बचाव कार्यों में भी गति आई है। जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड और लोक निर्माण विभाग के कर्मी सेवाएं बहाल करने में दिनभर जुटे रहे।
इस प्रकार जल शक्ति विभाग ने 78 पेयजल योजनाएं बहाल कर दी हैं। अभी करीब 55 योजनाएं प्रभावित हैं। हजारों की आबादी को पानी की सप्लाई बुधवार को नहीं हो सकी है। जिले में 50 करोड़ से अधिक का नुकसान अब तक बारिश से निजी और सरकारी संपति को पहुंचा है। नादौन टाउन की योजना में अस्थाई रूप से एक बावड़ी से पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। योजना से पानी की लिफिटंग रात तक शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, लगवाल्त्ती-बमसन योजना बहाल कर दी गई है। हमीरपुर टाउन की योजना फिलहाल लंबित पड़ी है। प्लाही से संचालित इस योजना के तहत हमीरपुर शहर में करीब 80 लाख लीटर रोजाना पानी की सप्लाई होती है। योजनाओं के बहाल होने से अब लोगों को जल्द पानी मिलने की उम्मीद जगी है। प्लाही स्थित हमीरपुर टाउन की योजना से देर शाम पानी लिफ्ट करना शुरू किया गया है। ऐसे में वीरवार दोपहर बाद सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग ने भी सभी सड़क मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। टौणी देवी में मात्र दो सड़क मार्ग बड़े वाहनों के लिए अवरूद्ध हैं। हालांकि छोटे वाहन आसानी से आ-जा रहे हैं। इन संपर्क मार्गों में एक पन्याली संपर्क मार्ग है और दूसरा चारियां दी धार संपर्क मार्ग है। वहीं, बिजली बोर्ड की ओर से लगभग सभी क्षेत्रों में बिजली की सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। जहां-जहां बिजली बाधित हुई थी, वहां अन्य ट्रांसफार्मरों से बिजली सेवाएं बहाल की गई हैं। बीती रात तीन खंभे गिरे हैं। यहां पर करीब 70 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।
किस विभाग को कितना नुकसान
कुछ दिनों से हो रही बारिश तथा मंडी एवं कुल्लू जिले में भीषण आपदा के कारण ब्यास नदी के जल स्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इसमें जल शक्ति विभाग का भारी नुकसान हुआ है। अभी तक मानसून सीजन के दौरान जिला में सरकारी और निजी संपत्ति का कुल 50 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। इसमें से जल शक्ति विभाग को सर्वाधिक 34.07 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, लोक निर्माण विभाग को 18 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड को बारिश में अब तक 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कोट
जलशक्ति विभाग ने 78 पेयजल योजनाएं बहाल कर दी हैं। अभी करीब 55 योजनाएं प्रभावित हैं। इन्हें भी जल्द बहाल कर दिया जाएगा।
-नीरज भोगल, एसई, जल शक्ति विभाग, हमीरपुर
बिजली बोर्ड को अब तक 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अस्थाई कनेक्शन देकर बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली सेवाएं बहाल की गई हैं। जो खंभे टूटे हैं, वहां पर नए खंभे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया होगी। कुछ जगह जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं में बिजली सेवा बाधित है।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड, हमीरपुर
जिला में सभी सड़क मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिए हैं। अब तक लोक निर्माण विभाग को 18 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
-विजय चौधरी, एसई, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर
उटपर-बाक्करखड्ड वाया कुठार संपर्क मार्ग को बहाल करती जेसीबी। स्रोत : लोक निर्माण विभाग