हमीरपुर। पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय के निर्देशानुसार बैंक के सर्किल कार्यालय हमीरपुर ने वीरवार को एनजीओ भवन हमीरपुर में मेगा रिटेल क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ऋण के 112 आवेदनों को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई, जिनकी कुल राशि 20.55 करोड़ रुपये है।
इस कार्यक्रम में पीएनबी मुख्यालय दिल्ली के महाप्रबंधक अमिताभ राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अमिताभ राय ने लोगों को गृह ऋण, मोटर वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, पीएनबी प्रॉपर्टी लोन और कई अन्य ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी बताया और इन सभी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक हमेशा उपभोक्ताओं की सेवा के लिए तत्पर रहता है और यह आम लोगों के लिए वित्तीय सलाहकार के रूप में भी कार्य करता है। मुख्य प्रबंधक एवं पीएनबी की रिटेल एग्रीकल्चर एंड एमएसएमई (रैम) विंग के प्रमुख राहुल लखनपुरिया ने भी विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
वरिष्ठ प्रबंधक अखिल गौतम ने डिजिटल बैंकिंग और कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों और उपभोक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रबंधक गोपाल तिवारी और बैंक के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।