अवाहदेवी मंदिर कमेटी की बैठक में कई अहम निर्णय लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। मंदिर कमेटी अवाहदेवी की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के विकास के लिए अहम फैसले लिए गए हैं।
वहीं, नवगठित मंदिर कमेटी प्रधान रमेश गुलेरिया ने बताया कि पिछली कमेटी की ओर से बैंक में माता के गहने गिरवी रखकर ऋण लिया गया था, उसे नई कमेटी द्वारा लौटाकर गहने मंदिर में वापस ले आए हैं। नई कमेटी ने 24 दिनों की आय को इकट्ठा करके बैंक में ऋण की बकाया राशि को एकमुश्त भरा और ऋण का खाता बंद करवा दिया। गहनों को अपने कब्जे में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि कमेटी की सदस्यता खोल दी गई है। सदस्यता फीस 500 रुपये है। सदस्यता की वैधता आगामी दो चुनावों तक होगी। उन्होंने बताया कि नई चुनी गई 21 सदस्य कमेटी को आम सभा द्वारा मान्यता प्रदान कर दी गई कि इनका कार्यकाल आगामी 3 साल तक रहेगा। यह भी निर्णय लिया गया है कि नई कमेटी की ओर से पुरानी कमेटी से 15 दिन के अंदर सारा चार्ज लिया जाएगा। इसके अलावा पिछली कमेटी द्वारा गोशाला के लिए जो जमीन खरीदी गई थी, उसे नहीं लिया जाएगा। मन्दिर संचालन हेतु संविधान के ऊपर चर्चा की गई। इसके लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी, जो अगली आमसभा में चुनी जाएगी। रमेश गुलेरिया ने बताया कि आमसभा का आयोजन हर साल में दो बार किया जाना सुनिश्चित किया गया है।
वहीं, आपातकालीन आम सभा कभी भी बुलाई जा सकती है। बैठक का संचालन महासचिव पवन कुमार द्वारा किया गया। स्थानीय पंचायत के प्रधान जिनकी अध्यक्षता में चुनाव हुए थे, वह इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे।