नादौन/कांगू(हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के अंतर्गत वार्ड नंबर चार और पांच से बस स्टैंड से गीता भवन की ओर जाने वाली शहर की मुख्य गली के किनारे पर बनी नाली के ऊपर लोहे के जंगले न होने पर छोटे वाहनों को निकालना मुश्किलों भरा हो रहा है।
स्थानीय लोगों, राजू, नीरज, शम्मी, रमेश, विपन, सतीश ने कहा कि पहले के मुताबिक यहां से निकलने वाली गली की ऊंचाई अधिक हो चुकी है और किनारे पर बनी नाली भी अधिक गहरी हो चुकी है। नाली की ऊपर लोहे के जंगले न होने के कारण अब लोगों के वाहन नालियों में फंस रहे हैं और ऐसी स्थिति में गली में जाम लग जाता है और वाहनों का भी नुकसान हो रहा है। गली के कई भागों पर नाली की गहराई ज्यादा हो चुकी है, जिसके कारण चालकों को अपने वाहनों को गली से निकालते समय दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यदि नगर पंचायत ऐसे स्थानों पर लोहे के जंगले लगाने की व्यवस्था कर दे तो पेश आ रही परेशानी का हल हो जाएगा। वहीं, इस बारे में नगर पंचायत के सचिव रमन शर्मा ने कहा कि समस्या ध्यान में लाई गई है, मौका पर जाकर व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा।