कड़ोहता में श्रीमद्भागवत कथा सुनाते कथा वाचक अनिल शर्मा। -संवाद
जाहू (हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल के गुग्गा माढ़ी पंजपीरी और शिव मंदिर कड़ोहता में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा वाचक अनिल शर्मा मार्कंडेय ने श्रीमद्भागवत कथा को सुनाने हुए कहा कि हिंदू धर्म में रामायण और श्रीमद्भागवत का विशेष महत्व है। दोनों ही ग्रंथ मानवता के मुक्तिकरण और मन शुद्धिकरण की ओर प्रेरित करते हैं। मगर मनुष्य अहंकार के कारण इनकी ओर ध्यान नहीं दे पाता।
उन्होंने कहा कि मनुष्य घर-गृहस्थी के बंधनों के कारण भक्ति भाव से दूर होने लगा है। ऐसे में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण हर रोज दिनचर्या के कार्यों का परित्याग कर जरूर करना चाहिए। श्रीमद्भागवत कथा सुनने से जहां मन भक्तिमय बनता है, वहीं उसका शुद्धिकरण होकर निर्मलता आती है। इसलिए समय निकाल कर सभी भागवत कथा जरूर सुने।
ग्रामीणों ने बीते मंगलवार को कड़ोहता पहुंचने पर श्रीमद्भागवत के साथ पंडित अनिल शर्मा मार्कंडेय और उनके साथ आए वाशु शर्मा, सुशील शर्मा, कुलदीप का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कलश यात्रा भी निकाली। कड़ोहता के करीब 150 परिवार 1990 से हर वर्ष मंदिर में भागवत कथा का आयोजन करवा रहे हैं।
इस अवसर पर भागवत कथा कमेटी के अध्यक्ष सूबेदार तरनतारन, उप प्रधान राजेश कुमार उर्फ नीटू, सदस्य विरेंद्र डोगरा, शक्ति चंद, कर्म चंद, प्रकाश चंद, कर्नल अशोक वर्मा, अमर नाथ, विचित्र सिंह, मनदीप, विक्रम ठाकुर, अविनाश डोगरा, पंचायत उप प्रधान हरमिंद्र सिंह, संजीव कुमार, प्रवीण कुमार व अन्य उपस्थित रहे।