हमीरपुर। जिलेभर के स्कूल प्रमुखों को तीन दिन के भीतर स्कूल भवन निर्माण कार्यों की रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। रिपोर्ट में किस माध्यम से कितना बजट खर्च किया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी मौजूद रहेगी, जिससे स्कूलों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शेष कार्यों के लिए बजट जारी होगा।
स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों को तय समय अवधि में करवाने और लंबित कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने यह निर्णय लिया है। सभी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूलों में निर्माण कार्यों के लक्ष्य, खर्च और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें, ताकि निदेशालय से कार्यों की मॉनिटरिंग की जा सके।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि यदि कोई स्कूल प्रभारी तय समय सीमा तक जानकारी अपलोड नहीं करता है, तो संबंधित स्कूल प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस में उन्हें जानकारी न देने का कारण स्पष्ट करना होगा। वर्तमान में जिलेभर के स्कूलों को निर्माण कार्यों के लिए विभिन्न माध्यम से प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का बजट जारी होता है, ताकि स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
विभाग की ओर से कार्यों को पूर्ण करवाने के लिए 31 मार्च तक का लक्ष्य तय किया गया है, लेकिन अधिकांश स्कूल प्रमुख बजट खर्च करने और कार्यों को करवाने में लापरवाही बरतते हैं, जिससे स्कूलों में वर्षों से लंबित विकास कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में समस्या का समाधान करने के लिए कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
कोट
जिले के स्कूलों में विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि स्कूलों में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को पूर्ण किया जा सके। स्कूल प्रमुखों को 31 मार्च से पूर्व कार्यों की जानकारी ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग, हमीरपुर