भरेड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू में हवाई अड्डा निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को एनओसी दे दी है। केंद्र सरकार की एक टीम पहले ही इस क्षेत्र का सर्वेक्षण कर चुकी है।
जाहू में हवाई अड्डा बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि जाहू क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से हवाई अड्डे के लिए उपयुक्त स्थान है। यहां मौसम भी अनुकूल रहता है और धुंध जैसी समस्या बहुत कम देखने को मिलती है, जो विमान संचालन के लिए एक अहम पहलू माना जाता है। केंद्र सरकार की एक टीम पहले ही इस क्षेत्र का सर्वेक्षण कर चुकी है।
प्रदेश सरकार ने भी जाहू में हवाई अड्डा बनाने के लिए केंद्र सरकार को एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्रदान कर दी है, जिससे इस परियोजना को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। स्थानीय लोगों सुरेंद्र, यशवंत, सुनील, संजय, विद्यसागर, जगदीश, अनिल और अशोक शर्मा ने कहा कि यदि यहां हवाई अड्डा बनता है तो न केवल क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी नई दिशा मिलेगी।
इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जाहू में हवाई अड्डा निर्माण के लिए केंद्र को एनओसी दे दी है। उन्होंने कहा कि अब आगे की प्रक्रिया केंद्र सरकार के स्तर पर पूरी की जाएगी और क्षेत्र के लोगों की इस मांग को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।