भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने रोहित शर्मा का स्वागत करते परिजन और ग्रामीण। -स्रोत : जागरूक पाठ
कांगू (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के रंघाड़ गांव निवासी रोहित शर्मा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। सोमवार को नादौन पहुंचने पर रोहित शर्मा का परिजनों सहित गांव के लोगों ने बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। उन्हें हार पहनाकर और बैंड-बाजे के साथ उनके गांव रंघाड़ तक पहुंचाया गया।
पासिंग आउट परेड के बाद यह पहली बार था जब रोहित वर्दी में अपने घर आए। रोहित शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय रंघाड़ से हुई, जबकि कक्षा छठी से 12वीं तक की पढ़ाई उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी भोरंज से पूरी की। रोहित की माता ममता शर्मा आंगनबाड़ी में कार्यरत हैं और पिता अजीत कुमार निजी कार्य करते हैं। छोटे भाई मोहित शर्मा वर्तमान में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
रोहित शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत मान रहे हैं। प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं यशपाल साहित्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. रत्न चंद शर्मा तथा पंचायत उप प्रधान विपिन शर्मा ने रोहित और उनके परिजनों को मौके पर पहुंचकर बधाई दी।