विकास खंड टौणीदेवी के तहत ऊहल-कक्कड़ संपर्क मार्ग पर वीरवार शाम तीन बजे भूस्लखन से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। भूस्लखन से इलाके की आधा दर्जन ग्राम पंचायतों का संपर्क टूट गया है।
लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण राकेश कुमार, सुनील शर्मा, प्रवेश ठाकुर और संदीप कुमार ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क मार्ग को बहाल करने की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक वीरवार शाम करीब तीन बजे मंडियार और कंसरा गांव के बीच सड़क मार्ग पर साथ लगती पहाड़ी से काफी मात्रा में मलबा आ गिरा जिससे सड़क से गुजरते वाहन बाल-बाल बच गए।
सड़क मार्ग के बंद होने से ग्राम पंचायम कक्कड़, बजरोल, चारियां दी धार, कनोली, भेरड़ा और उटपुर पंचायत समेत करीब 40 गांवों के लोगों का हमीरपुर से संपर्क टूट गया। उन्होंने कहा कि सड़क के बंद होने से सायं तीन बजे के बाद इलाके में कोई भी सरकारी और प्राइवेट बस नहीं पहुंची।
टैक्सियों की आवाजाही भी बंद पड़ी है। ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोनिवि टौणीदेवी के एक्सईएन एनपी सिंह ने कहा कि शीघ्र कर्मचारियों को भेज सड़क मार्ग से मलबा हटवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।