बेटी के साथ सेल्फी खींच सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करते तो कई लोग देखे होंगे, लेकिन तीसरी बेटी के जन्म पर धाम और गीत-संगीत का आयोजन कम ही सुना होगा। भोरंज ब्लॉक के सपलूही गांव के रहने वाले बलवीर सिंह कुछ ऐसा ही उत्सव देखने को मिला।
उनकी तीसरी बेटी के जन्म पर गीत-संगीत और धाम का आयोजन किया गया। 29 मई को बलवीर सिंह के घर तीसरी बेटी ने जन्म लिया। बच्ची के जन्म के 11वें दिन परिवार में किसी कारणवश परंपरागत कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो पाया।
इसके चलते वीरवार को बेटी के जन्म पर रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से कार्यक्रमों की परंपरा निभाई। क्षेत्र में यह पहला मौका है जब तीसरी बेटी के जन्म पर परिवार में गाने-बजाने और धाम का आयोजन किया गया।
गांव की महिलाओं ने बलवीर सिंह के घर पर बेटी के जन्म पर बधाई गाने गाए और नृत्य गया। बेटी के जन्म पर मां ऊषा देवी भी काफी खुश थीं। बलवीर सिंह की बड़ी बेटी साक्षी की आयु 6 वर्ष जबकि दूसरी बेटी मीनाक्षी की आयु 4 वर्ष है।
बलवीर सिंह ट्रक चालक हैं और ऊषा गृहणी हैं। पिता बलवीर सिंह का कहना है कि इस युग में बेटियां बेटों से बहुत आगे हैं। दो बेटियों का जन्मदिन हर साल धूमधाम से मनाते हैं।