हमीरपुर। ग्राम पंचायत झनियारा में शुक्रवार सवेरे जमीन विवाद को लेकर दो लोगों ने दंपती पर दराट से हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान अवस्था में घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया। यहां करीब दो घंटे तक चली उपचार प्रक्रिया के बाद घायल को घर भेज दिया गया। पीड़ित पवन कुमार ने कहा कि चिकित्सक ने उसके सिर पर 7 से 8 टांके लगाए हैं।
वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन, कोई सख्त कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इससे नाराज पीड़ित व्यक्ति, उसकी पत्नी और अन्य रिश्तेदार पुलिस अधीक्षक हमीरपुर कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन से मिलने उनके कार्यालय में पहुंच गए। जहां पर पवन कुमार और उसकी पत्नी ने बताया कि हमला करने वाला व्यक्ति पुलिस विभाग में कांस्टेबल है। पुलिस कांस्टेबल और उनके घर में रहने वाले एक किरायेदार ने शुक्रवार सुबह मलकीयत भूमि पर घास काटने को लेकर झगड़ा किया। इस दौरान किरायेदार दौड़ते हुआ कमरे के भीतर गया और दराट लेकर आया। जिससे पवन कुमार के सिर पर गंभीर घाव बन गया। यही नहीं पुलिस कांस्टेबल ने भी पवन कुमार और उसकी पत्नी सुनीता देवी के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी व्यक्ति अपनी पुलिस की नौकरी का रौब दिखाता है और आए दिन झगड़ा करता है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस थाने में मारपीट के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि पीड़ित परिवार शुक्रवार को उनके कार्यालय में मिला है। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।