ऊहल (हमीरपुर)। जंदडू, स्वाणा सहित आसपास के कई गांवों में पर्याप्त बस सुविधा न होने से लोग परेशान हैं। सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक इस रूट पर कोई बस नहीं चलती, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में अनुज, संदीप, प्रकाश आदि ने बताया कि इस दौरान मजबूरी में टैक्सियों का सहारा लेना पड़ता है। दिन में केवल दो सरकारी बसें चलने से स्थिति और खराब हो जाती है। क्षेत्र में निजी बस सेवा भी उपलब्ध नहीं है।
जंदडू, स्वाणा, वनालग, सुराह, कड़ियार, लग और चारियां दी धार सहित कई गांवों के लोग इस समस्या से प्रभावित हैं। विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को समय पर पहुंचने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने निगम प्रबंधन से इस रूट पर सुबह और दोपहर के बीच अतिरिक्त बस सेवाएं बढ़ाने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
-
जंदडू सहित अन्य स्थानों में बस सुविधा की काफी दरकार है। यदि कहीं जाना हो तो टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है। दिन में अधिक बसें चलाई जानी चाहिएं।
-सागर, निवासी वनालग
आपातकालीन स्थिति में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दिनभर सरकारी बसों की कमी से दिक्कतें पेश आ रही हैं। निजी बसों की भी सुविधा नहीं है।
-कंचन, निवासी सुराह
कोट
इस क्षेत्र में निगम प्रबंधन की दो बसें सेवाएं दे रही हैं। रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने की मांग नहीं पहुंची है। यदि ग्रामीण मांग करेंगे तो उनकी मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
-राज कुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर मंडल
सागर, निवासी वनालग