हमीरपुर। आयुष अस्पताल लंबलू में लोगों को जल्द ही लैब टेस्ट और निशुल्क दवाई काउंटर की सुविधा मिलेगी। स्थानीय पंचायत प्रधान और क्षेत्रवासियों की मेहनत रंग लाई है। आयुष निदेशक ने अस्पताल में टेस्ट के लिए लैब, निशुल्क दवाई काउंटर की सुविधा की स्वीकृति दे दी है। फिलहाल तीन दिन अस्पताल में विभिन्न टेस्ट होंगे। जबकि, रोगी कल्याण समिति का गठन कर जल्द ही यहां के निशुल्क दवाई काउंटर को भी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल में चिकित्सक, नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पदों पर भी तैनाती होगी।
इससे पूर्व यह अस्पताल शाम चार बजे ही बंद हो जाता था। यहां पर रात्रि सेवाएं नहीं मिलती थीं। अस्पताल को पूरी तरह कार्यान्वित करने के लिए 80 वर्षीय पंचायत प्रधान की अगुवाई में लोग संघर्षरत थे। इसके लिए आमरण अनशन सहित क्रमिक भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी गई। जिला आयुष अधिकारी के सौजन्य से मामला जब आयुष निदेशक के ध्यान में आया तो निदेशक ने अस्पताल में लैब की सुविधा, निशुल्क दवाई काउंटर और तीन स्टाफ सदस्यों की तैनाती का आश्वासन दिया। जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
अब जरूरी टेस्ट अस्पताल में ही हो जाएंगे। जबकि, आरकेएस का गठन होने के बाद निशुल्क दवाइयां भी यहीं मिलेंगी। इसके लिए पंचायत प्रधान और क्षेत्रवासियों ने जिला आयुष अधिकारी डॉ. सरिता राणा और आयुष निदेशक का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में पंचायत प्रधान लंबलू करतार सिंह चौहान ने कहा कि अस्पताल में मूलभूत सुविधाएं शुरू करने के लिए वे और क्षेत्रवासी लंबे समय से संघर्षरत थे। अब आयुष विभाग ने अस्पताल को 24 घंटे खुले रखने के साथ-साथ यहां जरूरी टेस्ट के लिए लैब, निशुल्क दवाई काउंटर और स्टाफ की तैनाती की है। जल्द ही यह सुविधाएं लंबलू अस्पताल में लोगों को मिलेंगी। इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों का आभार जताया है।