खरवाड़ से महल वाया करहा सड़क पर लगाए जा रहा डंगा। संवाद
भरेड़ी(लदरौर)। खरवाड़ से महल वाया करहा सड़क पर बरसात के दौरान होने वाले भूस्खलन की समस्या से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग भोरंज ने सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं। संवेदनशील स्थानों पर सड़क किनारे डंगे लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके तहत कुल 9 में से 6 डंगों का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
इन 6 डंगों के निर्माण पर करीब 13 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि शेष 3 डंगों पर करीब 3 लाख रुपये की लागत आएगी। विभाग के इस कदम से सड़क किनारे मिट्टी खिसकने की समस्या कम होगी और सड़क को नुकसान से बचाया जा सकेगा।
यह सड़क भोरंज, लंबूल और हमीरपुर की दर्जनों पंचायतों को आपस में जोड़ती है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों की मांग पर विभाग द्वारा यह कार्य करवाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी।
कोट
संवेदनशील हिस्सों को मजबूत कर बरसात के दौरान सड़क की सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रयास किया जा रहा है। सड़क किनारे छह डंगे लगाए जा चुके हैं, शेष तीनों का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
-सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता,लोक निर्माण विभाग भोरंज
खरवाड़ से महल वाया करहा सड़क पर लगाए जा रहा डंगा। संवाद