हमीरपुर। जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय को इस वित्त वर्ष के लिए करीब 33.92 लाख रुपये का बजट मिला है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग विद्यालय परिसर के ढांचागत विकास, मरम्मत, शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, अध्यापक प्रशिक्षण, शैक्षणिक भ्रमण और अध्यापक-अभिभावक संवाद सहित अन्य कार्यों पर किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही धनराशि खर्च करने के निर्देश दिए। जिलाधीश ने पिछले वित्त वर्ष में हुए खर्च की रिपोर्ट तलब करते हुए पुराने ऑडिट पैरा की समीक्षा के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण, बिजली ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट करने सहित अन्य समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणामों पर उन्होंने शिक्षकों अरविंद कुमार, अनिल कुमार, नरेंद्र कुमार और एकता सिंह को सम्मानित किया।
बैठक में प्रधानाचार्य संजय कुमार ने विद्यालय की गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह, स्कूल शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के बाद जिलाधीश ने करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित वोकेशनल लैब का शुभारंभ किया और विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।