नादौन (हमीरपुर)। अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम अमतर नादौन में सोमवार को अंतर जिला अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत कांगड़ा और मंडी के बीच एक दिवसीय सुपर लीग मुकाबला हुआ। इसमें कांगड़ा की टीम ने मंडी को 23 रन से हराया।
प्रतियोगिता की शुरूआत में मंडी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। कांगड़ा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए। इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सोहम मिश्रा 89 रन पर नाबाद रहे। इसके अलावा आयुष धीमान ने 58 रन का योगदान दिया।
मंडी की ओर से शानदार गेंदबाज देवेन ने पांच विकेट लिए, जबकि मेहुल पठानिया ने दो और चिराग ने एक विकेट लिया। एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंडी की टीम 48.2 ओवर में 201 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें मेहुल पठानिया ने 67 और अंकुश ठाकुर ने 50 रन का योगदान दिया।
कांगड़ा की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए अगम कहलो ने पांच विकेट लिए। वहीं, प्रबल प्रताप सिंह ने दो, अरशद धीमान, साहिल और ऋतिक ने एक एक विकेट हासिल किया।