कलाहू मोड़ से भरेड़ी वाया अमरोह सड़क। संवाद
जाहू (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज के अनुभाग भरेड़ी के तहत आने वाली कलाहू मोड़ से भरेड़ी वाया अमरोह, भुक्कड़, साही दा घाट सड़क के मरम्मत और सुधारीकरण पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इससे जल्द ही लोगों को खस्ताहाल सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2025 में भारी बारिश के कारण करीब सात किलोमीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह से उखड़ गई थी।
खराब सड़क के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए सरकार ने सड़क मरम्मत और सुधारीकरण कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है। सड़क के करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने स्थान चिह्नित कर लिए हैं।
वहीं, पानी जमा होने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में पक्की नालियों का निर्माण भी किया जाएगा। यह सड़क मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के कई गांवों को भी जोड़ती है। भोरंज ब्लॉक समिति अध्यक्ष पूनम, भुक्कड़ पंचायत प्रधान संतोष और पूर्व प्रधान हनोह संदेश ने कहा कि सड़क का सुधार लोगों के लिए जरूरी था। संवाद