बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बाबा बालक नाथ का आशीर्वाद लेते हुए न्यायाधीश संजय करोल। स्रो
बड़सर (हमीरपुर)। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय करोल ने वीरवार को परिवार सहित सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शन किए। संजय करोल अपने परिवार के साथ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पवित्र गुफा के दर्शन के लिए पहुंचे।
इस दौरान मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा, मंदिर न्यास अधिकारी संदीप चंदेल तथा सुभाष ढटवालिया ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। न्यायाधीश संजय करोल ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा बालक नाथ से देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पवित्र गुफा में दर्शन करने के उपरांत उन्होंने कुछ समय मंदिर परिसर में बिताया और वहां की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
संजय करोल ने कहा कि उनकी दियोटसिद्ध मंदिर से विशेष आस्था जुड़ी हुई है और वे प्रत्येक वर्ष यहां आकर बाबा जी के दर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि दियोटसिद्ध का वातावरण अत्यंत शांत, पवित्र और मन को सुकून देने वाला है। यहां का मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने बाबा बालक नाथ मंदिर को हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से यहां बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे यह स्थान धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बन गया है।