प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेतीं नवनियुक्त जेबीटी शिक्षक। -स्रोत: संस्थान
हमीरपुर। नवनियुक्त जेबीटी शिक्षक प्राथमिक पाठशालाओं में बच्चों को पढ़ाने के गुर सीखेंगे। इसके लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर में सोमवार को शिक्षा विभाग और राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद सोलन के सहयोग से 86 नवनियुक्त जेबीटी शिक्षकों के लिए 15 दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।
कार्यशाला की शुरुआत प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में और जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने विशेष अतिथि के रूप में की। जिला शिक्षक प्रशिक्षण प्रभारी भवानी सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को समग्र शिक्षा के जिला प्रयोजन अधिकारी मदन लाल बन्याल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के पहले दिन, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद सोलन की ओर से तैयार किए गए लिखित परीक्षण का अभ्यास करवाया गया। इसके बाद, शिक्षकों को प्राथमिक कक्षाओं को पढ़ाने के विविध विधियों, शिक्षण विधियों, और विभाग की विभिन्न योजनाओं व नीतियों पर जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर डाइट हमीरपुर की वरिष्ठ प्रवक्ता चेतना शर्मा, सुषमा, सरोज कुमारी, नेक मोहम्मद, पुनीत कुमार, और स्रोत व्यक्ति अनिल कुमार, पवन कुमार, और प्रतिमा शर्मा भी उपस्थित थे। इस कार्यशाला के माध्यम से नवनियुक्त जेबीटी शिक्षकों को प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षित किया जाएगा।