मट्नसिद्ध में दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ करते मुख्यातिथि। स्रोत: संस्थान
ताल (हमीरपुर)। मट्टनसिद्ध में स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) और वित्तीय साक्षरता केंद्र, हमीरपुर में सोमवार से दो दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यशाला शुरू हुई। इस कार्यशाला का आयोजन भारतीय रिजर्व बैंक के सौजन्य से नेशनल सेंटर फॉर एक्सीलेंस ऑफ आरसेटीज (एनएसीईआर) बंगलूरू द्वारा किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन पंजाब नेशनल बैंक सर्कल कार्यालय के प्रमुख अरविंद सरोच ने किया।
इस अवसर पर अरविंद सरोच ने जिले के वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन कर्मचारियों (एफएलसीआरपी) से ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ाने और आम जनता को वित्तीय योजनाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। जिला अग्रणी प्रबंधक टशी नमग्याल ने भी प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया और अपनी सेवाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यशाला की शुरुआत में आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने मुख्यातिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया और कार्यशाला के दौरान होने वाले विभिन्न सत्रों की जानकारी दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रतिनिधि पूजा शर्मा, आरसेटी के अधिकारी और 23 वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य वित्तीय साक्षरता के महत्व को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसारित करना और कर्मचारियों को नई वित्तीय योजनाओं से अवगत कराना है।