विजेता जोलसप्पड़ की टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि सुरेंद्र उप्पल।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। उपमंडल नादौन के सहोरी क्लब के सौजन्य से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। इस दौरान सुरेंद्र उप्पल निवासी रंगस ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। भाजयुमो अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जिंदू भी उपस्थित रहे। सहोरी क्लब के सदस्यों में विक्रांत चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, छोटू व सौरभ ने मुख्य अतिथि को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मैच में जोलसप्पड़ की टीम ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए बलेटे की टीम को हराकर 5100 रुपये के नकद इनाम तथा ट्रॉफी पर कब्जा किया। दूसरी ओर उप विजेता रही बलेटे की टीम को 3100 रुपये नकद इनाम तथा ट्रॉफी से संतुष्ट होना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए जोलसप्पड़ की टीम ने 20 ओवर में 131 रन बनाए। बलेटे की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 51 रन बना कर ढेर हो गई। फाइनल मैच में अरुण धारीवाल 84 रन बनाकर तथा 4 विकेट हासिल करके मैन ऑफ द मैच रहे। मुख्य अतिथि ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए क्लब के सदस्यों को बधाई दी। इस मौके पर पवन कुमार, राज कुमार, जोलसप्पड़ की प्रधान सोमा देवी, युवा मोर्चा नादौन कार्यकारिणी सदस्य राहुल पंजवाल, वनदीप पंजवाल, अशोक कुमार, धनी राम आदि उपस्थित रहे।