हमीरपुर। प्रदेश उच्च न्यायालय का कर्मचारियों के तबादलों में प्रशासनिक भूमिका को अहम बनाने का फैसला स्वागत योग्य है। राजकीय प्रशिक्षित कला स्नातक संघ महासचिव विजय हीर ने निर्णय को एतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के तबादलों में राजनीतिक हस्तक्षेप घटाने के लिए ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम लागू करने का हाईकोर्ट का फैसला अहम है। ऐसे में नई शिक्षा नीति के तहत प्रस्तावित ऑनलाइन ट्रांसफर प्रणाली लागू होने का रास्ता साफ हो गया है।
हाईकोर्ट ने कर्नाटक और हरियाणा की तबादला नीति से मुख्य बिंदू लेकर प्रदेश में नई व्यवस्था लागू करने के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं। हीर ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षक हाईकोर्ट में अपील कर रिलीवर मांग रहे हैं और जिलों में आपसी तबादले हर साल करवाने के चलते रिलीवर नहीं मिल रहे। ऐसे में कर्नाटक का सिस्टम लागू किया जाए। इसके तहत कर्मचारी अपने तबादले के लिए राजनीतिक दबाव नहीं बना सकते हैं। हरियाणा में 500 से अधिक कर्मचारियों वाले विभाग और बोर्ड में ऑनलाइन ट्रांसफर प्रणाली है। हीर ने कहा कि नई स्थानांतरण नीति सब कर्मचारियों के लिए संयुक्त रूप से बने और केवल शिक्षक वर्ग पर अलग ट्रांसफर प्रणाली लागू न की जाए।