हमीरपुर। राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार दिलवाने के लिए एक और अवसर दिया है। एचपीएसईडीसी को भर्ती जेएसडीसी ग्रुप ऑफ कंपनीज से संयुक्त अरब अमीरात में रोजगार के प्रस्ताव मिले हैं।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि यूएई में भोजन और अन्य खाद्य वस्तुओं की डिलीवरी के लिए बाइक राइडरों की आवश्यकता है। इन पदों के लिए 20 से 37 वर्ष आयु वर्ग के दसवीं पास और अंग्रेजी का बेसिक ज्ञान रखने वाले युवा पात्र होंगे। अभ्यर्थियों के पास गियर वाली बाइक का ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट होना जरूरी है, जिनकी वैधता कम से कम एक साल की होनी चाहिए।
अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों के चेहरे या गर्दन पर कोई भी टैटू नहीं होना चाहिए और न ही वे कलर-ब्लाइंड होने चाहिएं। चयनित उम्मीदवार 2500 दिरहम मासिक वेतन के अलावा कमीशन और टिप सहित प्रतिमाह 70 हजार से एक लाख रुपये तक कमा सकते हैं। सप्ताह में छह दिन सुबह या शाम की शिफ्ट में प्रतिदिन दस घंटे का कार्य समय निर्धारित होगा। बाइक चलाते समय पगड़ीधारी युवाओं के लिए भी हेलमेट अनिवार्य रहेगा।
चयन के बाद उम्मीदवारों को विभिन्न औपचारिकताएं पूरी करने हेतु विदेश मंत्रालय द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार 35,400 रुपये का शुल्क अदा करना होगा। इसके अलावा यूएई ड्राइविंग लाइसेंस शुल्क और अन्य शुल्क भी देय होंगे। इच्छुक युवा 22 नवंबर तक गूगल फार्म भरकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।