जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत मंगलवार को टिक्करी सध्वाणी में आयोजित अंडर-17 पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू की टीम विजेता रही।
फाइनल मुकाबले में जाहू की टीम ने कोलनी ढलवान को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 10 टीमों ने भाग लिया। भांबला पंचायत के टिक्करी सध्वाणी में स्थानीय युवाओं की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में जाहू की टीम ने मेजबान टिक्करी सध्वाणी को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में कोलनी ढलवान ने समैला की टीम को 2-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
विज्ञापन
विजेता जाहू की टीम को 1,100 रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता कोलनी ढलवान की टीम को 500 रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जाहू की ओर से कप्तान युद्धवीर के साथ संदीप, राहुल, सुमित, मनीष और राज ने शानदार प्रदर्शन किया।
जाहू स्कूल के उपप्रधानाचार्य रविकांत, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक रामलाल, डीपीई चमन लाल और शारीरिक शिक्षक रमेश चंद ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया।