हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक मरीज को एक्सपायरी डेट का ग्लूकोज ड्रिप लगाने की शिकायत सामने आई है, जिसकी जांच शुरू हो गई है।
दरअसल बीते माह एक मरीज को सर्जरी के बाद वार्ड में शिफ्ट किया गया तो उसे ड्रिप लगाने के लिए तीमारदार के पास ग्लूकोज की बोतल दी गई। इस दाैरान तीमारदार ने इसकी एक्सपायरी डेट पढ़ ली। वहीं, तीमारदार ने मामले में सीएम हेल्पलाइन और विभाग को शिकायत दी थी।
इस पर बुधवार को दो से तीन डाॅक्टरों, शिकायतकर्ता और स्टाफ की मौजूदगी में जांच की गई है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले की जांच के लिए बाकायदा एक कमेटी का गठित की है।
कमेटी में अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक, ड्रग इंस्पेक्टर हमीरपुर व एमएस हमीरपुर को शामिल किया गया है। यह कमेटी इस मामले की रिपोर्ट बनाकर प्राचार्य को सौंपेगी। मामला 11 नवंबर का है।वहीं, शिकायतकर्ता का कहना है कि अस्पताल में इस तरह की कोई दोबारा से घटना न हो ऐसे में शिकायत की गई थी।
बुधवार को शिकायतकर्ता व उस दौरान वार्ड में उपस्थित कर्मचारियों को भी बुलाया गया। वहीं, जिस महिला नर्स पर यह आरोप लगाए गए थे, वह उसे भी वहां पर बुलाया गया था। सभी के पक्ष लिए गए और रिपोर्ट बनाई गई। यह रिपोर्ट कॉलेज प्राचार्य को सौंपी जाएगी। संवाद